सुकृत के जंगल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस।

 सुकृत के जंगल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस। 


(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)



सोनभद्र। जनपद के रावर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत सुकृत चौकी क्षेत्र के  चहलवा के जंगल में सोमवार को एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 सितंबर 2026 को लगभग दोपहर बाद जंगल में शव मिलने की सूचना चरवाहों तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुकृत ने पुलिस को दी, जिसके बाद सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, सुकृत के चहलवा जंगल की ओर कुछ चरवाहे अपने मवेशियों को चराने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े एक शव पर पड़ी। शव काफी पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था। चरवाहों ने तत्काल इसकी सूचना सुकृत पुलिस तथा ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलते ही सुकृत चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। शव की पहचान कपड़ों के आधार पर डब्लू (45) पुत्र सरन, निवासी सुकृत, थाना कोतवाली रॉबर्ट्सगंज के रूप में की गई। परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी सामने आई कि मृतक करीब छह दिन पूर्व अपनी पत्नी से विवाद के बाद घर से निकल गया था और इसके बाद वापस नहीं लौटा था।

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि घर से निकलने के बाद वह जंगल जैसे सुनसान इलाके में पहुंचा होगा। हालांकि, यह भी कयास लगाया जा रहा है कि संभवतः उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया हो, जिसके चलते उसकी मौत हुई। परिवार को इसकी जानकारी नहीं हो सकी और शव कई दिनों तक जंगल में पड़ा रहा। फिलहाल यह पुलिस जांच का विषय है हमारा चैनल इस बात की पुष्टि नहीं करता। 

फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ